घरेलू गैस का धड़ल्ले से हो रहा व्यावसायिक उपयोग, जिम्मेदार विभाग बेखबर

घरेलू गैस का धड़ल्ले से हो रहा व्यावसायिक उपयोग, जिम्मेदार विभाग बेखबर

गैस की किल्लत के बीच ठेले, ढाबों और होटलों पर खुलेआम हो रहा दुरुपयोग

Report: News-24-ukup Beuro Lalkuan

लालकुआं। इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम उपभोक्ता बेहद परेशान हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति न होने से लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर खानपान के ठेलों, ढाबों और छोटे-बड़े होटलों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यावसायिक इस्तेमाल धड़ल्ले से जारी है।

स्थानीय बाजारों और व्यस्त इलाकों में संचालित खाने-पीने के ठेलों पर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल सिलेंडर का ही प्रयोग किया जाना चाहिए। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए सस्ते घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर खर्च बचाया जा रहा है।

गौरतलब है कि घरेलू गैस सिलेंडर पर सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाती है, जिससे आम जनता को राहत मिल सके। लेकिन जब इन्हीं सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में होने लगता है, तो न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है बल्कि वास्तविक उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत का सामना भी करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गैस एजेंसियों और संबंधित विभागों को इस पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। कई लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही या मिलीभगत के कारण यह अवैध कार्य लंबे समय से जारी है।

वहीं इस मामले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग या गैस एजेंसियों की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले दिनों में गैस संकट और गहराने की आशंका है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि घरेलू गैस का दुरुपयोग रोका जा सके और आम जनता को राहत मिल सके।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment