लालकुआं में रसोई गैस की किल्लत, प्रशासन के होम डिलीवरी के आदेश को दरकिनार कर एजेंसी संचालक कर रहे मनमानी

लालकुआं में रसोई गैस की किल्लत, प्रशासन के होम डिलीवरी के आदेश को दरकिनार कर एजेंसी संचालक कर रहे मनमानी

उपभोक्ताओं को एक महीने (25 बुकिंग +10 वेटिंग) में भी नहीं मिल पा रहा है एक अदद गैस सिलेंडर, होम डिलीवरी के नाम पर गुमराह कर रहे एजेंसी संचालक

लालकुआं। प्रशासनिक दावों और व्यवस्थाओं के बीच लालकुआं में रसोई गैस का संकट लगातार गहराता दिखाई दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि आम लोगों को गैस सिलेंडर के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर मिलना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में गैस आपूर्ति की जिम्मेदारी संभाल रही एकमात्र सुरुचि गैस एजेंसी व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में फिलहाल पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि जिलाधिकारी और पूर्ति विभाग द्वारा बार-बार आपूर्ति सुचारु होने और गैस की होम डिलीवरी के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल विपरीत नज़र आ रही है। हर दिन सुबह से ही उपभोक्ता लंबी लाइन लग जाती है, जहां घंटों इंतजार के बाद भी तमाम उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों के लिए यह संकट और भी भारी पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं ने बताया कि 25 दिन के बाद बुकिंग होने पर 10 से 15 दिन बीत जाने पर भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि लोगों को रोजमर्रा का काम छोड़कर घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। गैस की कमी के चलते घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि एजेंसी द्वारा वितरण में पारदर्शिता की कमी है। कई बार यह भी शिकायत सामने आई है कि सिलेंडर की आपूर्ति पर्याप्त होने के बावजूद सही तरीके से वितरण नहीं किया जा रहा।

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसी संचालक और कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं, बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसके चलते जिलाधिकारी और पूर्ति विभाग के उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी किए जाने के दावे केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं, जमीनी हकीकत यह है कि उपभोक्ताओं को एक अदद गैस सिलेंडर के लिए रोजाना परेशानी झेलने को मजबूर होना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए, प्रशासन के आदेशानुसार गैस आपूर्ति की होम डिलीवरी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, अतिरिक्त एजेंसियों की व्यवस्था की जाए और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

हालात यह हैं कि लालकुआं में रसोई गैस संकट अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि जनजीवन को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या बन चुका है। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह संकट और गहरा सकता है। वहीं गैस की किल्लत के कारण तमाम लोग लकड़ी वाले चूल्हा का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment