अल्मोड़ा के देघाट में दर्दनाक सड़क हादसा, दो घरों के बुझ गए चिराग

अल्मोड़ा के देघाट में दर्दनाक सड़क हादसा, दो घरों के बुझ गए चिराग

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के देघाट क्षेत्र के चिन्तोली गांव में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिसमें सवार चार युवक ट्रॉली के नीचे दब गए। इस हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

वहीं सूचना मिलते ही देघाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर ट्रॉली में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में दर्शन सिंह (24) और चंदन सिंह (24) की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि गोपाल सिंह (24) और नरेंद्र सिंह (18) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। चारों युवक एक ही गांव चिन्तोली के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ दो युवाओं की मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

वहीं देघाट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक अनियंत्रित होने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर ओवरलोडिंग, खराब सड़क या तकनीकी खामी आदि पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment