
लालकुआं: व्यापार मंडल चुनाव को लेकर हुई बैठक में जबरदस्त हंगामा, जिलाध्यक्ष बोले “पचास लोगों के कहने से संगठन के सिद्धांतों से समझौता नहीं”
“पहले सदस्यता, फिर चुनाव” के मुद्दे पर सहमति अवश्य बनी, लेकिन व्यापारी गुटों में बंटे नजर आए

रिपोर्ट: ऐजाज जर्नलिस्ट
लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नए चुनाव कराने को लेकर आज लालकुआं में आयोजित बैठक में संगठन के नैनीताल जिलाध्यक्ष द्वारा व्यापारियों के साथ की जा रही रायसुमारी के दौरान व्यापारियों ने निवर्तमान कार्यकारिणी को ही दोबारा अगले तीन वर्ष के लिए घोषित करने की मांग की, जिस पर जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया होने के उपरांत ही पुरानी कार्यकारिणी को दोबारा बहाल किया जा सकता है, इसके लिए पहले सभी व्यापारियों को दोबारा सदस्य बनना होगा, सदस्यता अभियान के बाद आम बैठक बुलाकर व्यापारियों की राय ली जाएगी, जिसमें यदि पुरानी कार्यकारिणी को बहाल करने पर सहमति बन गई तो वही कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। बावजूद इसके कुछ व्यापारी आज ही पुरानी कार्यकारिणी को दोबारा घोषित करने की मांग पर अड़ गए, जिससे हंगामा हो गया।
इस घटनाक्रम से नाराज होकर जिलाध्यक्ष समेत संगठन के पदाधिकारी बैठक से उठकर बाहर निकल गए, इसके बाद कई व्यापारी उन्हें बामुश्किल समझा बुझाकर वापस लेकर आए। इसके बाद बैठक की औपचारिकता पूरी की गई। इस दौरान हल्द्वानी से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि व्यापार मंडल का चुनाव कराना अनिवार्य है और उससे पहले सदस्यता अभियान चलाया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी वरिष्ठ व्यापारी संजीव शर्मा और संजय जोशी को सौंपी गई है, प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुरानी कार्यकारिणी को जारी रखने के बारे में भी सदस्यता अभियान के बाद ही तय होगा और जो भी निर्णय होगा, वह व्यापारियों के बहुमत के आधार पर लिया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा, “दस-बीस या पचास लोगों के कहने से संगठन के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया जा सकता।
फिलहाल बैठक में “पहले सदस्यता, फिर चुनाव” के मुद्दे पर सहमति अवश्य बनी, लेकिन कार्यकारिणी के भविष्य को लेकर व्यापारियों के बीच साफतौर पर मतभेद उभर कर सामने आए। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सदस्यता अभियान के बाद चुनाव होंगे या सर्वसम्मति से पुरानी कार्यकारिणी को ही आगे बढ़ा दिया जाएगा।
बैठक में संगठन के नैनीताल जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री हितेन्द्र भसीन, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष संजय जोशी, चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा, हरीश बिसौती, दिनेश लोहनी, भुवन पांडेय, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, जितेंद्र भाटिया, बॉबी सम्भल, नंदन सिंह राणा, अरुण जोशी, मीना रावत, राधेश्याम यादव, सुभाष नागर सहित नगर के कई व्यापारी मौजूद रहे।









