लालकुआं: गैस की होम डिलीवरी के आदेश बेअसर, उपभोक्ता लाइनों में लगने को मजबूर: देखिए विडियो…

लालकुआं: गैस की होम डिलीवरी के आदेश बेअसर, उपभोक्ता लाइनों में लगने को मजबूर: देखिए विडियो…

एजेंसी संचालकों की मनमानी से बढ़ी परेशानी, उपभोक्ताओं के फोन तक नहीं उठा रहे कर्मचारी

लालकुआं। नैनीताल जिला प्रशासन द्वारा रसोई गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं को घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर स्वयं गैस सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

लालकुआं नगर एवं आसपास के क्षेत्र में गैस एजेंसी और गैस वाहनों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं बताया जा रहा है कि इंडेन गैस एजेंसी द्वारा कुछ असरदार और करीबी लोगों को मनमाने तरीके और नियमों को दरकिनार कर गैस की बंदरबांट की जा रही है, जिससे आमजन की परेशानी और बढ़ रही है।

क्षेत्रीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक और उनके कर्मचारी न तो समय पर डिलीवरी कर रहे हैं और न ही फोन कॉल का जवाब दे रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग के बाद कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें एजेंसी का चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इस अव्यवस्था के कारण आम जनता में भारी नाराजगी है। जिसके चलते सरकार और प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए होम डिलीवरी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाए और बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment