नैनीताल: कोतवाल ने खुद को घंटों तक कमरे में किया बंद, कोतवाली में मचा हड़कंप

नैनीताल: कोतवाल ने खुद को घंटों तक कमरे में किया बंद, कोतवाली में मचा हड़कंप

नैनीताल। नैनीताल की मल्लीताल कोतवाली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर कोतवाल हेम पंत ने खुद को अपने आवासीय कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाज़ा नहीं खुलने और अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पुलिसकर्मियों ने अनहोनी की आशंका के चलते दरवाज़ा तोड़कर भीतर प्रवेश किया। अंदर कोतवाल भावुक अवस्था में मिले।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से कोतवाल मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि यह मामला उनके संबद्धीकरण (अटैचमेंट) समाप्त होने के बाद मूल तैनाती अल्मोड़ा भेजे जाने से जुड़ा है। इसी बीच महिला कांस्टेबल के तबादले को लेकर भी विवाद सामने आया, जिसने मामले को और संवेदनशील बना दिया।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल का स्थानांतरण कर दिया गया था। कोतवाल हेम पंत ने पुलिस अधिकारियों से महिला स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए स्थानांतरण रोकने और वैकल्पिक महिला कर्मी की तैनाती की मांग की थी। इस मुद्दे पर वरिष्ठ अधिकारियों से उनकी बातचीत भी हुई थी।

बुधवार सुबह करीब दस बजे तक कोतवाल ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंचे और दरवाज़ा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार आवाज़ देने के बावजूद जवाब न मिलने पर पुलिसकर्मियों ने दरवाज़ा तोड़ दिया। अंदर कोतवाल भावुक हालत में मिले। सूचना मिलते ही सीओ अंजना नेगी और एलआईयू की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस अधिकारियों ने मामले को गोपनीय रखने की कोशिश की। कई घंटे निगरानी के बाद कोतवाल के परिजनों को बुलाया गया और उन्हें परिवार के साथ भेज दिया गया।एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की रिपोर्ट तलब कर ली गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment