
उत्तराखंड: हलाल मामले में बड़ी कार्रवाई, पति समेत 8 पर यूसीसी के तहत मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। हरिद्वार जिले के रुड़की में हलाला के मामले में पुलिस ने पति समेत 8 लोगों पर उत्तराखंड यूसीसी के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने के बाद अब इसका असर जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। रुड़की के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हुए हलाला के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महिला के पति दानिश समेत ससुराल के 8 लोगों के खिलाफ यूसीसी की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले की शुरुआत 4 अप्रैल को हुई थी, जब पीड़िता ने अपने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि उसे न केवल प्रताड़ित किया गया, बल्कि तीन तलाक देकर हलाला के लिए मजबूर किया गया। शुरुआत में इस मामले में यूसीसी के तहत केस दर्ज नहीं हुआ था, जिससे पीड़िता के परिवार में काफी रोष था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने गहन जांच के आदेश दिए थे। पुलिस जांच के दौरान पीड़िता के साथ हलाला होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में उत्तराखंड यूसीसी की संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं। इस मामले में पति दानिश, ससुर सईद, सास गुलशाना और अन्य रिश्तेदारों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में तत्परता दिखाते हुए जांच पूरी कर ली है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया गया है। उत्तराखंड में यूसीसी के तहत हलाला जैसे मामलों में यह एक नजीर पेश करने वाली कार्रवाई मानी जा रही है।
राज्य में यूसीसी कानून लागू होने के बाद यह स्पष्ट संदेश है कि अब पारंपरिक कुप्रथाओं के नाम पर महिलाओं का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के कड़े प्रावधानों के कारण अब पुलिस सीधे इन धाराओं में कार्रवाई कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में इस कार्रवाई की काफी चर्चा है।









