विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही, बिजली के पोल से गिरा पूर्व लाइनमैन

सांकेतिक फोटो

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही, बिजली के पोल से गिरा पूर्व लाइनमैन

गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, विद्युत विभाग में मचा हड़कंप

लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बबूर गुमटी रेलवे क्रॉसिंग के पास मंगलवार शाम विद्युत लाइन मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। विद्युत विभाग का पूर्व लाइनमैन अचानक पोल पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से सिर के बल नीचे गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर पूर्व लाइनमैन को राममूर्ति चिकित्सालय भोजीपुरा रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, लालकुआं कोतवाली क्षेत्र बबूर गुमटी रेलवे क्रॉसिंग के सामने विद्युत लाइन में ठेकेदार कर्मियों द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां पहुंचे पूर्व लाइनमैन प्रेम सिंह कोरंगा अचानक बिजली के पोल पर चढ़ने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोल पर ऊपर पहुंचते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सिर के बल नीचे जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद विद्युत कर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायल प्रेम को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राममूर्ति चिकित्सालय भोजीपुरा रेफर कर दिया।

विद्युत उपखंड अधिकारी संजय प्रसाद ने बताया कि घायल प्रेम सिंह कोरंगा संजय नगर गौला गेट बिंदुखत्ता निवासी हैं और पहले विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने के चलते उन्हें एक दिन पहले ही नौकरी से हटाया गया था और इसकी सूचना उनके घर भी भेज दी गई थी।

एसडीओ के मुताबिक, मंगलवार को प्रेम सिंह बिना किसी सूचना के कार्यस्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि ठेकेदार कर्मियों द्वारा मना करने के बावजूद वह बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे गिर गए, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं घायल लाइनमैन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इधर घटना के बाद विद्युत विभाग पर भी कई सवाल उठ रहे हैं। एसडीओ के मुताबिक जब प्रेम सिंह कोरंगा को एक दिन पूर्व काम से हटा दिया गया था, ऐसे में वे कार्य स्थल पर मौजूद अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में कैसे पोल पर चढ़ गए, जिससे यह हादसा हो गया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही का नतीजा है, जिसका खामियाजा कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाइनमैन और विद्युत कर्मचारियों को कई बार पर्याप्त सुरक्षा किट, बेल्ट और तकनीकी संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में कर्मचारी हरदम मौत के साए में काम करने को मजबूर हैं। इस हादसे के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment