
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के निजी सचिव चंदन सिंह जीना के घर पर ईडी ने छापेमारी में 32 लाख रुपए नकद, 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन, 12 लग्जरी गाड़ियां व घड़ियां बरामद
हरीश रावत को देना पड़ गया इस्तीफा, कहा निष्पक्ष जांच होनी चाहिए
देहरादून। देहरादून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के निजी सचिव चंदन जीना के घर पर ईडी ने छापामार कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि ईडी ने छापेमारी में चंदन सिंह जीना के आवास से जब्त और फ्रीज की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 1.28 करोड़ रुपये आंकी गई हैं, ये 12 लग्जरी गाड़ियों और घड़ियों के मूल्य के अलग से आंके जाने पर और बढ़ सकता है।
ईडी की कार्रवाई में 32 लाख रुपए नकद, 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन (13 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन), रोलेक्स, राडो, पियाजे, मोवाडो, टिसॉट और कैसियो एडिफिस जैसे ब्रांडों की 12 लग्जरी घड़ियां बरामद हुई है। ईडी ने चंदन जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खाते सीज कर दिए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के निजी सचिव चंदन सिंह जीना के घर पर कार्रवाई के दौरान फॉरेंसिक जांच के लिए उनका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। ईडी की कार्रवाई UKSSSC की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा 2016 में बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं से जुड़े मामले को लेकर हुई है। ईडी की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस के पदों से इस्तीफा दे दिया है। उत्तराखंड में आने वाले समय में चुनाव होने हैं। ऐसे में ईडी की कार्रवाई से सियासी हलचलें एकाएक बढ़ गई हैं।
चंदन सिंह जीना अल्मोड़ा के भिकियासैंण के रहने वाले हैं। चंदन सिंह जीना, हरीश रावत के वर्तमान निजी सहायक के रूप में कार्यरत हैं। वर्ष 2014 से 2017 के दौरान जब हरीश रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री थे, तब चंदन सिंह जीना उनके ओएसडी रहे थे। सितंबर 2026 में, UKSSSC भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उनके आवास पर छापेमारी की थी। जिसके बाद वे चर्चा में आ गए हैं।
वहीं इस कार्रवाई के बाद हरीश रावत ने कांग्रेस के पदों से खुद को अलग करने का फैसला लिया है। साथ ही उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।










