नैनीताल: जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर

नैनीताल: जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर

हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी श्री गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह आज शनिवार को हल्द्वानी स्थित अपने घर से बाइक लेकर मीडिया सेंटर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, इसी दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह कुछ ही क्षणों में दुनिया को छोड़ गए।

गिरजा शंकर जोशी जी के आकस्मिक निधन की खबर सामने आते ही पत्रकार जगत और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने मिलनसार, सहज और जिंदादिल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार उन्हें सबसे अलग बनाता था।

पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार हमेशा सहयोग और अपनत्व भरा रहा। उनके असमय चले जाने से पत्रकारिता जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।

अपने कार्यकाल के दौरान गिरजा शंकर जोशी जी हल्द्वानी में पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने में भी सक्रिय रहे। हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी महत्वपूर्ण पहल उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रहेंगी, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

गिरजा शंकर जोशी जी के निधन पर जिला सूचना कार्यालय, सहकर्मियों, अधिकारियों, पत्रकारों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

वहीं गिरजा शंकर जोशी जी के आकस्मिक निधन पर लालकुआं प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

जानकारी के मुताबिक, दिवंगत जिला सूचना अधिकारी की शव यात्रा कल रविवार को प्रातः 9 बजे उनके हल्द्वानी स्थित आवास से निकाली जाएगी और रानीबाग स्थित चित्राशिला घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment