
मुख्य विकास अधिकारी ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा, लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
लंबित कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण करने के दिए निर्देश, कहा-आचार संहिता से पहले हर घर जल कनेक्शन लक्ष्य प्राप्त करें
रिपोर्ट : ऐजाज जर्नलिस्ट
भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल अरविन्द कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित “हर घर नल-हर नल में जल” योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक ली।
इस में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यों में हो रही लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन आमजन से जुड़ी अति महत्वपूर्ण योजना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मिशन के अंतर्गत लंबित टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी कार्यों की अद्यतन सूचना तत्काल मुख्यालय को प्रेषित की जाए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली कि अब तक कितने परिवारों को नल कनेक्शन दिया जा चुका है और कितने कनेक्शन शेष हैं। शेष बचे हुए कार्यों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आचार संहिता लागू होने से पूर्व सभी कार्य पूर्ण हो सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने सचिव, जल जीवन मिशन से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया, ताकि लंबित कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक में भीमताल सहायक परियोजना निदेशक/जिला मिशन प्रबंधक श्रीमती चंद्र फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पन्त , अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम अनिल कुमार, अधिशासी अभियंता जल संस्थान पल्लवी चौधरी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अनिल परिहार, सहायक अभियंता जल संस्थान लालकुआं शेखर रौतेला, पंचायत इंस्पेक्टर राजेश टम्टा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









