
नैनीताल कोर्ट परिसर में कार में मिला अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का खून से सना शव, आत्महत्या की आशंका
नैनीताल। नैनीताल में सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधिवक्ता का शव उनकी कार के अंदर खून से सना हुआ मिला। मृतक की पहचान जिला कोर्ट से संबद्ध अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान रही है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोज की तरह कोर्ट परिसर में कार्यवाही चल रही थी। इसी दौरान करीब 11:30 बजे पार्किंग क्षेत्र से गुजर रहे कुछ वकीलों की नजर एक कार पर पड़ी, जिसके अंदर खून से लथपथ व्यक्ति दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में अधिवक्ता व कर्मचारी एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई, जो मृतक के हाथ में थी। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किसी बीमारी से परेशान होने की बात लिखी गई है।
अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अचानक उनके इस तरह के कदम से पूरे न्यायालय परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।









