
आर्थिक तंगी इलाज में नहीं बनेगी बाधा, एसटीएच हल्द्वानी में पात्र मरीजों का होगा निशुल्क इलाज

संपादक: ऐजाज जर्नलिस्ट✍️
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को निशुल्क उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, बीपीएल और आयुष्मान कार्ड धारकों को पात्रता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने पर नियमानुसार निशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। योजना से संबंधित जानकारी और पात्रता की प्रक्रिया के लिए मरीज या उनके परिजन अस्पताल में संचालित आयुष्मान केंद्र अथवा संबंधित काउंटर से संपर्क कर सकते हैं।
अस्पताल में एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) से जुड़े मरीजों के अलावा थैलेसीमिया और हीमोफीलिया से पीड़ित पात्र मरीजों को भी नियमानुसार निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के खर्च से राहत मिल रही है।
वहीं सुशीला तिवारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और एक वर्ष तक के बच्चों के लिए भी निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और मरीजों को सही जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
डॉ. अरुण जोशी के मुताबिक, अस्पताल का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति उपचार में बाधा न बने। पात्र मरीजों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेकर निर्धारित प्रक्रिया के मुताबिक उनका लाभ उठाना चाहिए।









