
हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले ने पकड़ा तूल, राहुल गांधी पर एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट में मुकदमा दर्ज होने पर कांग्रेस का हल्लाबोल
पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी से की मुकदमा वापस करने की मांग, प्रदेश भर में दी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून। हल्द्वानी के चर्चित रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले पर चल रही बयानबाजी अब राजनीतिक तूल पकड़ती जा रही है। वहीं इस मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है, हल्द्वानी के एक युवक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी (SC-ST) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज होने के विरोध में कांग्रेस उत्तराखंड में आक्रामक हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश भर की थाना कोतवाली और चौकियों में पुलिस को ज्ञापन सौंप कर विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसी क्रम में आज देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने डीजीपी को चेतावनी एक शिकायती पत्र सौंपा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार के बड़े नेताओं ने खुद ही कहा था कि शुद्धिकरण वाली यह घटना गलत है और इसकी पूरी जांच होगी। लेकिन जब सरकार इस मामले में घिरती नजर आ रही है तो अब वह ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करवा रही है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि इस पूरे प्रकरण में सरकार के साथ-साथ नैनीताल पुलिस भी संदिग्ध दिखाई दे रही है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी और यदि यह मुकदमा जल्द वापस नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार होगी।








