
नैनीताल में भीषण हादसा, गहरी खाई में मैक्स वाहन गिरने से दो की दर्दनाक मौत
नैनीताल। नैनीताल जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, यहां एक मैक्स वाहन खाई में गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, नैनीताल जिले के धारी विकासखंड के बबियाड-दुदुली मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर हल्द्वानी की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान लता देवी (40) पत्नी दिनेश चंद्र शर्मा निवासी दुदुली और हरीश चंद्र बेलवाल (52) पुत्र भैरव दत्त बेलवाल निवासी अम्दौं के रूप में हुई है।
वहीं इस हादसे में चालक कमल शर्मा (23) पुत्र विपिन चंद्र शर्मा निवासी दुदुली, नेहा बेलवाल (17) पुत्री हरीश चंद्र बेलवाल, सुभाष बेलवाल (13) पुत्र हरीश चंद्र बेलवाल निवासी अम्दौं तथा दिनेश चंद्र शर्मा (48) पुत्र त्रिलोचन शर्मा निवासी दुदुली घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया।
धारी के प्रभारी एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से किया गया।









