
लालकुआं में अतिक्रमण का बढ़ता संकट, नेशनल हाईवे समेत गौला मार्ग पर चलना हुआ मुश्किल

रिपोर्ट: ऐजाज जर्नलिस्ट
लालकुआं। लालकुआं में अतिक्रमण की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। प्रशासन की अनदेखी के चलते नगर के बीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 109 समेत बिन्दुखत्ता जाने वाले गौला मार्ग पर अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी जोखिम से कम नहीं है।
नगर के सबसे व्यस्त नेशनल हाईवे समेत गौला रोड में अतिक्रमण ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित कर दिया है। दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों द्वारा सड़कों तक सामान फैलाने के कारण सड़क लगातार संकरी होती जा रही है, जिससे एक ओर जहां वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। वहीं दूसरी तरफ लोगों का सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
इन मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ नैनीताल जाने वाले पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पैदल यात्रियों के लिए स्थिति और भी गंभीर है, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं मजबूरी में सड़क के बीच से गुजरने को विवश हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यदि समय रहते इस समस्या पर सख्त कदम उठाते हुए इसका समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।









