
महंगाई का सबसे बड़ा झटका, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी
नई दिल्ली। वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले ही दिन देश भर में महंगाई का एक बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। 1 अप्रैल से लागू हुई इन नई दरों के बाद अब रेस्टोरेंट, ढाबा और होटल चलाने वाले व्यापारियों के लिए लागत बढ़ जाएगी, जिसका सीधा असर आम आदमी की थाली पर पड़ सकता है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में जबरदस्त वृद्धि की है। देश की राजधानी दिल्ली में इस सिलेंडर के दाम में ₹195.50 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बड़ी वृद्धि के बाद कमर्शियल गैस सिलेंडर अब काफी महंगा हो गया है। कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण यह फैसला लिया गया है।
वहीं बड़े सिलेंडर के साथ ही घरेलू उपयोग और छोटे व्यापारियों के काम आने वाले 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। एलटीएफ सिलेंडर के दामों में ₹51 की वृद्धि की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब 5 किलो वाले सिलेंडर की नई कीमत ₹549 हो गई है। छोटे कामगारों और छात्रों के लिए यह एक बड़ा आर्थिक बोझ साबित होगा।
जानकारों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से बाहर खाना खाना महंगा हो सकता है। कैटरिंग और हलवाई का काम करने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी बदलाव की सूचना नहीं है, जिससे आम गृहणियों के बजट पर तत्काल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
कंपनियों ने नई दरें अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दी हैं। देश के अन्य महानगरों जैसे मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में भी इसी अनुपात में कीमतें बढ़ी हैं। महंगाई के इस दौर में गैस की कीमतों में अचानक हुए इस उछाल ने व्यापारियों के साथ ही हर वर्ग की चिंता बढ़ा दी है।









