गैस की कमी नहीं, फिर भी हफ्तों इंतजारबड़ा सवाल? आखिर जिम्मेदार कौन, उपभोक्ता परेशान

गैस की कमी नहीं, फिर भी हफ्तों इंतजार
बड़ा सवाल? आखिर जिम्मेदार कौन, उपभोक्ता परेशान

लालकुआं। एक ओर जहां सरकारी स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि घरेलू रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। हालात यह हैं कि कई लोगों को बुकिंग के एक सप्ताह बाद भी डिलीवरी का इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों द्वारा समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है। वहीं कई मामलों में उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ “आज-कल में मिल जाएगा” का आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है।

कई उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने सप्ताह भर पहले गैस बुक कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। मजबूरी में उन्हें लकड़ी पर खाना बनवाना पड़ रहा है। वहीं, कुछ लोगों का आरोप है कि एजेंसियां होम डिलीवरी के बजाय “स्पॉट डिलीवरी” के नाम पर उपभोक्ताओं को खुद गैस वितरण वाहन के पास लाइन लगवाने को मजबूर कर रही हैं।

गौरतलब है कि संबंधित विभाग और गैस एजेंसियां लगातार यह कह रही हैं कि सप्लाई में कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद यदि उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रही है, तो सवाल उठता है कि आखिर इस लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार कौन है?

क्या यह वितरण व्यवस्था की खामी है, एजेंसियों की लापरवाही या फिर कहीं और कोई गड़बड़ी? आम जनता अब इस समस्या का स्थायी समाधान चाहती है।

उपभोक्ताओं की मांग है कि प्रशासन होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित करवाए, साथ ही गैस वितरण व्यवस्था की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को समय पर आवश्यक सुविधा मिल सके।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या कदम उठाता है और कब तक गैस उपभोक्ताओं को राहत मिलती है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment