
हल्द्वानी आरटीओ कार्यालय में गोली चलने से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे कर्मचारी
हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित आरटीओ कार्यालय में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय परिसर के भीतर अचानक गोली चलने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि पिस्टल से चलाई गई गोली कार्यालय की छत में जा लगी। गनीमत रही कि घटना में कोई कार्मिक घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मुखानी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने जुटाए। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
एएसपी हल्द्वानी अमित सैनी के मुताबिक, आरटीओ कार्यालय से फायरिंग की सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस की टीम प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान आरटीओ कार्यालय में ही कार्यरत कार्मिक के रूप में बताई जा रही है। पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की भी जानकारी जुटा रही है। एएसपी ने बताया कि हथियार की वैधता और घटना की परिस्थितियों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ गुरदेव सिंह ने बताया गया कि शाम करीब चार बजे कार्यालय के एक विभाग में गोली चलने की सूचना मिली थी। संबंधित कार्मिक को लेकर पत्र जारी किया जा रहा है और पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और फायरिंग के पीछे के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने में जुट गई है।








