उत्तराखंड: घरेलू गैस सिलेंडर ना मिलने के कारण पत्नी से विवाद के बाद पति ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम

उत्तराखंड: घरेलू गैस सिलेंडर ना मिलने के कारण पत्नी से विवाद के बाद पति ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम

ऊधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में घरेलू सिलेंडर खत्म होने के बाद पत्नी से हुए विवाद में पति ने आत्महत्या कर ली है। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

यह दुखद घटना ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर के पिपलिया नंबर एक की है। यहां का निवासी 29 वर्षीय किशन विश्वास पुत्र निर्मल विश्वास फॉलसीलिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसके घर का गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। पत्नी उसे सिलेंडर लाने के लिए टोकती थी। लेकिन गैस की किल्लत के कारण उसे सिलेंडर नहीं मिल पाया, जिसके कारण किशन का अपनी पत्नी से विवाद हो गया।

इसके बाद किशन छत पर स्थित अपने कमरे में चला गया, कुछ देर बाद उसकी मां छत पर गयीं तो उन्होंने देखा कि किशन कमरे में फंदे से लटका हुआ है। यह देखकर मां के होश उड़ गए और उन्होंने जोर से शोर मचाया। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किशन की मौत से परिवार में मातम छा गया।

सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशन की आठ साल पहले शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि गैस की किल्लत के कारण ऊधम सिंह नगर समेत उत्तराखंड में कई जगह जनता गैस सिलेंडर के लिए खासी परेशान है।

वहीं गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि प्राथमिक दौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment