
लालकुआं: नेशनल हाईवे पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत साथी गंभीर
लालकुआं। हल्द्वानी से खरीदारी कर लालकुआं लौट रहे युवकों की बाइक डिपो नंबर पांच के पास अनियंत्रित होकर कंटेनर से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, राजीव नगर बंगाली कॉलोनी लालकुआं निवासी अमन सिंह (26) पुत्र अमर सिंह अपने दोस्त अमन गुप्ता के साथ रविवार दोपहर हल्द्वानी से कपड़ों की खरीदारी कर बाइक से वापस लालकुआं लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डिपो नंबर पांच के पास पहुंची, उन्होंने आगे चल रहे कंटेनर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर कंटेनर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अमन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अमन गुप्ता को भी चोटें आईं।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अमन गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर हालत में अमन सिंह को सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक अमन सिंह के पिता और भाई सेंचुरी पेपर मिल में कार्यरत हैं। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।









