लाइसेंस के नाम पर बड़ा खेल, हल्द्वानी में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों पर प्रशासन की कार्रवाई

लाइसेंस के नाम पर बड़ा खेल, हल्द्वानी में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों पर प्रशासन की कार्रवाई

हल्द्वानी। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन ने हल्द्वानी क्षेत्र में स्थित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय और सम्भागीय परिवहन अधिकारी गुरूदेव सिंह की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रशिक्षण संस्थानों की जांच की। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कुछ ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों में आवश्यक संसाधनों, उपकरणों और पार्किंग व्यवस्था का अभाव होने के बावजूद प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे। टीम ने देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया।

जांच में देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए गए। वहीं, निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल का पंजीकरण रामनगर में होने के बावजूद हल्द्वानी के आरटीओ रोड पर संचालन किया जा रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने अगले आदेश तक संस्थान को बंद करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित तीनों प्रशिक्षण संस्थान आवश्यक संसाधन, उपकरण और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करते, तब तक उनका संचालन बंद रहेगा। वहीं, कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि देव भूमि और जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों के ऑनलाइन पोर्टल संचालित नहीं थे। साथ ही, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर फीस वसूली की शिकायत की जांच में संबंधित संस्थान का लाइसेंस निरस्त पाया गया। शिकायतकर्ता से लिए गए 1100 रुपये भी वापस कराए गए।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आमजन से अपील की कि परिवहन विभाग से जुड़े कार्य सीधे आरटीओ कार्यालय के माध्यम से ही कराएं, ताकि धोखाधड़ी और अनियमितताओं से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार, एआरटीओ ए.के. सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment