तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

कालाढूंगी। कालाढूंगी क्षेत्र के बैलपड़ाव में तेज रफ्तार एक अनियंत्रित कार ने पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, गैबुआ के पास फूड क्रिस्टल होटल के समीप यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हल्द्वानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सुबह घास लेने के लिए जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में उन्हें रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक महिलाओं की पहचान कमला देवी (55 वर्ष), पत्नी शिवराज सिंह, निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव और पुष्पा देवी (55 वर्ष), पत्नी केवलानंद भट्ट, निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन (यूके 19 बी 8791) को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार गलत दिशा से आ रही थी और उसने सीधे महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पत्तापनी गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से फरार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment