लालकुआं: मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में हुई मारपीट में एक घायल, तीन युवक पुलिस हिरासत में

लालकुआं: मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में हुई मारपीट में एक घायल, तीन युवक पुलिस हिरासत में

लालकुआं। लालकुआं में मामूली कहासुनी ने एक बड़े विवाद का रूप ले लिया, जिसके बाद हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है।

बताया जा रहा है कि नगर पंचायत कार्यालय में सुबह वार्ड नंबर- 4 के सभासद प्रतिनिधि की किसी कार्य को लेकर दूसरे पक्ष से मामूली कहासुनी हो गई, जो कुछ देर बाद तहसील कार्यालय के समीप मारपीट में बदल गई।

बताया जा रहा है कि सुबह की घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन शाम होते-होते ट्रांसपोर्ट नगर में एक बार फिर से विवाद भड़क उठा और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है।

इस घटना के बाद लालकुआं कोतवाली में दोनों पक्षों के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस को कई बार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लोगों को बाहर करना पड़ा। पुलिस ने मारपीट के आरोप में वार्ड नंबर-4 की सभासद शबनम बेगम के पति समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

सभासद शबनम बेगम ने बताया कि वार्ड नंबर-7 के सभासद भुवन पांडेय और उनके साथियों ने उनके पति व परिजनों के साथ मारपीट की है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में उनके देवर को गंभीर चोटें आयी हैं। सभासद और उनके समर्थकों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है और देर रात तक दोनों ही पक्षों के लोग कोतवाली में जमे हुए हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाओं हैं।

वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और विवाद में शामिल दोनों पक्षों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment