
प्रशासन के गैस की होम डिलीवरी के आदेश बेअसर, लाइनों में लगने को मजबूर उपभोक्ता
लालकुआं। जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेश के बावजूद इंडेन एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। हालांकि होम डिलीवरी किए जाने के हवा-हवाई दावे अवश्य किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी सच्चाई यह है कि लोगों (महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग) शामिल हैं, को घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर खुद ही गैस सिलेंडर लेना पड़ रहा है।
लालकुआं नगर एवं आसपास के क्षेत्र में गैस एजेंसी और गैस वाहनों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं आरोप है कि इंडेन गैस एजेंसी द्वारा कुछ असरदार और करीबी लोगों को मनमाने तरीके और नियमों को दरकिनार कर गैस की बंदरबांट की जा रही है, जिससे आमजन की परेशानी और बढ़ रही है और वे सिलेंडर लिए गैस की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक और उनके कर्मचारी न तो समय पर डिलीवरी कर रहे हैं और न ही फोन कॉल का जवाब दे रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग के बाद कई-कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है और बार-बार डीएसी (DAC) नंबर के लिए उन्हें एजेंसी का चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस अव्यवस्था के कारण आम जनता में भारी नाराजगी है। जिसके चलते आमजन में सरकार और प्रशासन की छवि लगातार धूमिल हो रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए होम डिलीवरी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाए और बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।









