
बड़ी खबर: लालकुआं के टांडा रेंज में जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचला, दर्दनाक मौत

लालकुआं। नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, यहां तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा वन रेंज में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शाह पठानी खत्ता इलाके में दो लोग मौजूद थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। हमले में हाथी ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं सूचना मिलते ही तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, उप प्रभागीय वन अधिकारी शशि देव, लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतकों में से एक की पहचान 75 वर्षीय बांधो प्रजापति के रूप में हुई है, जो झारखंड के चतरा जिले के निवासी थे, जो लोगों के खेतों की चौकीदारी का काम करते थे। जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों को जंगल के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी है। वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया है।









