
मोबाइल की लत से परेशान पिता ने अपने 14 साल के बेटे की कर दी हत्या, मां की तहरीर पर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के नाशिक से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां हरसुल इलाके के वैष्णवी नगर में एक पिता ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से नाराज होकर अपने ही 14 साल बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सार्थक शंकर पिंपलगे (14) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सार्थक को मोबाइल फोन की बुरी लत थी और वह अक्सर देर रात तक फोन चलाता रहता था। रविवार रात करीब 11:30 बजे जब सार्थक मोबाइल देख रहा था तो उसके पिता शंकर सुखदेव पिंपलगे (40) का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ा कि शंकर ने अपना आपा खो दिया। पिता ने पहले घर के भीतर सार्थक को बुरी तरह पीटा। इतने से भी मन नहीं भरा तो वह उसे घसीटते हुए घर के बाहर ले गया।जहां शंकर ने लकड़ी के फट्टे और डंडों से सार्थक पर ताबड़तोड़ वार किए। इस बीच मां सुनीता पिंपलगे ने अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन गुस्साए सनकी पिता के आगे उनकी एक न चली। चोटें इतनी गंभीर थीं कि सार्थक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं बेटे के अंतिम संस्कार के बाद गमगीन मां सुनीता ने हिम्मत दिखाई और हरसुल पुलिस थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता शंकर पिंपलगे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।









