
भाजपा सरकार हर क्षेत्र में असफल, जनता 2027 में बदलाव के लिए तैयार : कुमारी शैलजा, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी- देखिए विडियो…
रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा अपने पांच दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचीं। ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर बुधवार को ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर पहुंचीं। उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन के भीतर चल रहे मतभेदों को समाप्त कर, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना और आगामी चुनावों से पहले पार्टी को मजबूत आधार देना है।
राज्य के पांच दिवसीय दौरे के पहले दिन रुद्रपुर पहुंचने पर कुमारी शैलजा का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, वरिष्ठ नेता करण महरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ और जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता नितिन पंत समेत कांग्रेस के तमाम नेतागण मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्ज्वलित किया गया, जिसके बाद कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने पार्टी के भीतर अनुशासन और एकता पर खास जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है और इसमें शामिल होने वाले हर व्यक्ति को इसके सिद्धांतों और नीतियों का पालन करना अनिवार्य है।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए छह नेताओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने से भाजपा में हलचल मची हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मुद्दों से भटक कर केवल राजनीतिक संतुलन बनाने में लगी हुई है।
प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए कमर कस कर जुट जाएं। उन्होंने कहा आगामी चुनावों में सफलता हासिल करने के लिए सभी को अपने व्यक्तिगत मतभेदों को पीछे छोड़कर पार्टी के लिए काम करना होगा। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती है और उनकी उम्मीदों के मुताबिक बदलाव लाकर लोगों के जीवन में खुशहाली ला सकती है।
उत्तराखंड के पांच दिवसीय दौरे के दौरान कुमारी शैलजा विभिन्न जिलों में बैठकों का आयोजन करेंगी, जहां वह स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगी। इन बैठकों के माध्यम से वह संगठन की जमीनी स्थिति का आंकलन करेंगी और आवश्यक सुधारों के लिए रणनीति तैयार करेंगी। ऐसे में उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी की यह पहल पार्टी के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। उनके इस दौरे से यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि कांग्रेस नेतृत्व संगठन को एकजुट कर 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है।








