
सतर्कता विभाग ने 15000 की रिश्वत लेते लेखाकार को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। यहां विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट को सतर्कता टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता का शौचालय निर्माण कार्य के लिए ₹3 लाख का टेंडर स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि इस टेंडर से जुड़ी एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर आरोपी लगातार पैसे की मांग कर रहा था और बिना रिश्वत फाइल आगे बढ़ाने से इनकार कर रहा था।
मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने हल्द्वानी स्थित सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजना बनाकर 8 अप्रैल 2026 को ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹15,000 रिश्वत ली, सतर्कता टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है। सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत शिकायत करें।








