
ऊधम सिंह नगर: सुबह तड़के एक बार फिर गरजा बुलडोजर, अवैध मजारों को किया जमींदोज…देखिए विडियो
ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उधम सिंह नगर जिले में वन विभाग ने सरकारी वन भूमि पर बने दो अवैध मजारों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सोमवार सुबह तड़के की गई। यह कदम वन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त निर्णय के बाद उठाया गया।
वन विभाग के मुताबिक संबंधित मजारों का निर्माण बिना किसी वैध अनुमति के वन भूमि पर किया गया था। विभाग ने लगभग दो महीने पहले ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर भूमि से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा था। बावजूद इसके, निर्धारित समय में कोई जवाब या कागजात नहीं दिए गए। इसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए इन मजारों को हटा दिया गया।
डीएफओ हिमांशु बागड़ी के मुताबिक, ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण किच्छा और सितारगंज वन क्षेत्र के डोला और पुलभट्टा रेंज में किए गए थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने न केवल मजारों को ध्वस्त किया, बल्कि मलबा भी पूरी तरह हटाकर जंगल क्षेत्र को साफ कर दिया, ताकि दोबारा अतिक्रमण की संभावना न रहे।
वहीं इस अभियान में जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग रहा, एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया, जिससे किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।
गौरतलब है कि राज्य सरकार अब तक 577 से अधिक अवैध संरचनाओं को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा चुकी है। ताजा कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि प्रशासन अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।








