
आखिरकार पकड़ा गया महिला को शिकार बनाने वाला आदमखोर बाघ, वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

नैनीताल। नैनीताल जिले में बाघ के आतंक से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। यहां सूर्या गांव में महिला को शिकार बनाने वाले कथित आदमखोर बाघ को वन विभाग ने ट्रेंक्यूलाइज कर रेस्क्यू कर लिया है।
घटना बीते 3 अप्रैल की है, जब गांव की एक महिला लकड़ी और घास लेने जंगल गई थी। बाघ ने अचानक हमला कर महिला को जंगल में घसीट लिया और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
वहीं इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीण लगातार बाघ को पकड़ने या मारने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और वन विभाग पर जल्द कार्रवाई का दबाव बना रहे थे।
वन विभाग की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया और जंतवाल गांव में पिंजरा लगाया। आखिरकार बाघ पिंजरे में फंस गया, जिसके बाद उसे ट्रेंक्यूलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। पकड़े गए बाघ को हल्द्वानी के पास रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है, जहां उसकी निगरानी की जा रही है।
वहीं बाघ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।








