
उत्तराखंड कांग्रेस मिशन-2027, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का पांच दिवसीय दौरा
रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के बीच कांग्रेस ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी दी है कि पार्टी की प्रभारी कुमारी शैलजा 8 से 12 अप्रैल तक प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरे का मकसद संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना है।
कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा अपने दौरे की शुरुआत रुद्रपुर से करेंगी। इसके बाद वह हल्द्वानी, कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून का दौरा करते हुए अंत में मसूरी में कार्यक्रम का समापन करेंगी। इस दौरान वह अलग-अलग जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा “प्रभारी महोदया का यह दौरा उधम सिंह नगर से लेकर देहरादून तक रहेगा। वह संगठन की स्थिति का जायजा लेंगी और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर आगामी रणनीति तैयार करेंगी।”
वहीं कांग्रेस इस दौरे के जरिए संगठन में मौजूद गुटबाजी को खत्म कर एकजुटता का संदेश देना चाहती है। साथ ही, पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरकर चुनावी तैयारियों को धार देने की कोशिश भी की जा रही है।








