गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर उपभोक्ता परेशान, गैस प्रबंधक और उपभोक्ताओं के बीच तीखी झड़प

गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर उपभोक्ता परेशान, गैस प्रबंधक और उपभोक्ताओं के बीच तीखी झड़प

रामनगर। नैनीताल जिलै के रामनगर में पिछले काफी दिनों से हो रही गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर आखिरकार उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे ही गया। डीएसी कोड आने के बावजूद कई-कई दिनों तक सिलेंडर न मिलने से परेशान दर्जनों उपभोक्ताओं ने रविवार को इंडेन गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा काटा और गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य का घेराव किया।

इस दौरान उपभोक्ताओं और प्रबंधक के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प भी हुई। हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने और मोबाइल पर डीएसी कोड प्राप्त होने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

उपभोक्ताओं ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में गैस की गाड़ियां तो आ रही हैं, लेकिन एजेंसी के कर्मचारी सिलेंडर देने में आनाकानी कर रहे हैं। इसके बाद जब उपभोक्ता गोदाम पर पहुंच रहे हैं, तो उन्हें वहां से भी बैरंग वापस कर लौटाया जा रहा है।

प्रदर्शन में शामिल गृहिणियों ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि ईद और नवरात्र जैसे त्योहारों पर भी घर में सिलेंडर ना होने से उन्हें मजबूरी में चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। वहीं उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी संचालकों और वितरण कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरतमंदों को गैस न देकर सिलेंडर 1700 से 1800 रुपये तक में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे एजेंसी में तालाबंदी कर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

वहीं गैस एजेंसी प्रबंधक दीपक कुमार आर्य ने सफाई देते हुए कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और नगर के हर क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार सप्लाई की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए ब्लैक में सिलेंडर बेचे जाने के आरोपों को गंभीरता से लिया है। प्रबंधक ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment