
रसोई गैस की किल्लत को लेकर युवा कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर सरकार पर बोला जमकर हमला

हल्द्वानी। हल्द्वानी में युवा कांग्रेस कार्यकताओं ने रसोई गैस की किल्लत को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया और सरकार को रसोई गैस की किल्लत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर नारेबाजी की।
रसोई गैस की बढ़ाई गई कीमत और कालाबाजारी के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू की नेतृत्व में हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में अनोखे अंदाज़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर पर माला चढ़ाकर, श्रंद्धाजलि दी। साथ ही लकड़ी वाले चूल्हे पर भोजन बनाकर केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला।
कार्यक्रम में युवा नेता हेमन्त साहू ने कहा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से रसोई का बजट बिगड़ गया है और इसका सबसे ज्यादा असर गृहिणियों पर पड़ रहा है, जिन्हें घर का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। वहीं ब्लैक में आसानी से 2500 रुपए तक में गैस सिलेंडर मिल रहा है।
वहीं कांग्रेस नेता राजेन्द्र बिष्ट और संदीप भसोड़ा ने कहा कि सरकार ने अच्छे दिनों के सपने दिखाकर सबसे बुरे दिन ला दिए हैं, आज गैस की किल्लत से जूझ रही जनता मजबूर होकर लकड़ी के चूल्हे में भोजन बना रही है। जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
इस प्रदर्शन में उक्त के अलावा मुख्य रूप से छात्र नेता मेहूल साह, सचिन राठौर, शाहनवाज मालिक, रेखा जाटव, ज्योति आर्या, विनीता आर्या, प्रेमा सागर, इशहाक खान, मयंक गोस्वामी, अल्का आर्या, रेनू आर्या, देवेन्द्र नेगी, हर्ष शर्मा और सौरभ कुमार समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।









