
उत्तराखंड में भूकंप से हिल उठी धरती, नैनीताल समेत कई जिलों में महसूस हुए झटके
नैनीताल। मंगलवार रात करीब 10:23 बजे उत्तराखंड के उत्तरकाशी क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता और केंद्र की आधिकारिक पुष्टि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र से आने की प्रतीक्षा है।
भूकंप के झटके उत्तराखंड के नैनीताल समेत आसपास के कई जिलों के अलावा दिल्ली-एनसीआर तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी महसूस किए जाने की खबर है।
दिल्ली और नोएडा में भी लोगों ने रात करीब 10:23 से 10:24 बजे के बीच धरती में कंपन महसूस होने की जानकारी दी।
अचानक भूकंप का अहसास होते ही कई स्थानों पर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया और फोन कॉल के जरिए लोग एक-दूसरे से भूकंप के बारे में जानकारी लेते रहे।
भूकंप के झटके हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए जाने की खबर है। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।









