
पुलिस टीम का वाहन सड़क हादसे का शिकार, भीषण टक्कर में 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 की मौत
अपहरण के एक मामले में कार्रवाई के लिए हरियाणा गई यूपी के जालौन की पुलिस टीम मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। ओवरटेक के दौरान पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया, जिससे चार पुलिसकर्मियों और एक वादी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा हरियाणा के नूंह जिले में हुआ, जहां कोतवाली उरई की पुलिस टीम अपहृत व्यक्ति की तलाश में पहुंची थी।
जानकारी के मुताबिक, टीम तावड़ू क्षेत्र में दबिश देने गई थी और सुबह करीब 10 बजे यह दुर्घटना हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे वाहन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चार पुलिसकर्मियों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार शामिल हैं। इनके साथ मौजूद वादी अमरीक सिंह, निवासी संगरूर (पंजाब), की भी इस हादसे में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद उरई और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। एसपी जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एक मामले में कार्रवाई के लिए हरियाणा गई थी, जहां यह दुखद हादसा हुआ।









