
लालकुआं: ड्यूटी पूरी कर मदरसन कंपनी से निकल रही युवती की मौत, मचा हड़कंप, देखिए वीडियो…
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र के मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी से ए शिफ्ट की ड्यूटी पूरी कर बाहर निकल कर बस में बैठने को जा रही युवती अचानक गस खाकर सड़क में गिर गई। जिसे कंपनी के स्टाफ द्वारा आनन-फानन में सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई लड़की की मौत से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आज शनिवार को लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के मोटाहल्दू में स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत 21 वर्षीय युवती रिमझिम पुत्री मनोहर लाल, जो कि ईसाई नगर नंबर वन लामाचौड़ हल्द्वानी की निवासी है। शनिवार की दोपहर को 2 बजे अपनी ए शिफ्ट की ड्यूटी पूरी कर कार्ड पंच करने के बाद मुख्य द्वार से बाहर निकलकर बस में बैठने को अन्य साथी कर्मचारियों के साथ जा रही थी, तभी अचानक गश खाकर बीच सड़क में गिर पड़ी, जिसे अन्य साथी महिला श्रमिकों ने उठाया और कंपनी की गाड़ी से तुरंत ही सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई युवती की मौत से कंपनी प्रबंधन एवं अन्य कर्मचारी हतप्रभ है। जबकि अन्य साथी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। इधर युवती रिमझिम की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मदरसन कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी के मुताबिक, मृतका युवती गत फरवरी माह में ही उनकी कंपनी में लगी थी, उसके परिवार में एक भाई एवं तीन बहने हैं, जिसमें से एक बहन का विवाह हो चुका है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है।









