
जीबी पंत विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कुलपति ने बताई प्राथमिकताएं, कहा, विश्वविद्यालय बनेगा शोध उन्मुख
रिपोर्ट: ऐजाज जर्नलिस्ट
पंतनगर। गोबिन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के परिसर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कुलपति प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप ने विश्वविद्यालय के भावी दृष्टिकोण को साझा करते हुए कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय को एक शोध उन्मुख विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में ऐसे शोध कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा जो सीधे तौर पर किसानों और उद्योगों से जुड़े हों। इस दिशा में अपार संभावनाएं हैं और लक्ष्य यह है कि देश के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में पंतनगर का नाम प्रमुखता से स्थापित हो।
कुलपति ने कहा कि गोबिन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय, जो कि लैंड ग्रांट पैटर्न पर आधारित है, में शिक्षण, शोध एवं प्रसार, तीनों को समान रूप से सशक्त किया जाएगा। इसके लिए एक सुदृढ़ इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा, जिसमें नवाचार, प्रेरणा एवं समस्या समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस प्रेस वार्ता में निदेशक संचार डॉ जे पी जायसवाल और सहायक निदेशक संचार, डॉ अर्पिता शर्मा कांडपाल भी उपस्थित थीं।









