खूंखार आदमखोर गुलदार ढेर, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

प्रतीकात्मक फोटो

खूंखार आदमखोर गुलदार ढेर, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड में गुलदार के बढ़ते आतंक के बीच राहत की खबर सामने आई है। वन विभाग ने दो हफ्तों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद उस आदमखोर गुलदार को ढेर कर दिया, जिसने एक महिला की जान ले ली थी। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

यह घटना 23 को पौड़ी गढ़वाल जिले के बमठी गांव में सामने आई, जब सीता देवी अपने घर के पास खेतों में काम कर रही थीं। तभी अचानक घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और ग्रामीण लगातार वन विभाग से गुलदार को पकड़ने या खत्म करने की मांग कर रहे थे।

वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने इलाके में विशेष टीम तैनात की। शूटरों और वनकर्मियों की मदद से जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त की गई, साथ ही कई जगहों पर पिंजरे भी लगाए गए। 4 मई को एक गुलदार पिंजरे में कैद हुआ था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे हमलावर गुलदार मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अभियान जारी रखा गया।

वन विभाग को आखिरकार बड़ी सफलता मिली और गुरुवार देर रात आदमखोर गुलदार को चिन्हित कर शूट कर दिया गया। इसके बाद गांव और आसपास के इलाकों में फैला डर काफी हद तक खत्म हो गया।

वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना के बाद से टीम लगातार सक्रिय थी और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निगरानी जारी रहेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है, उन्होंने कहा गुलदार के मारे जाने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment